बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : सोमवार को नगर निगम बोर्ड की बैठक संपन्न हो गई। बैठक में वेंडिंग जोन के निर्माण पर सदस्यों ने मुहर लगाई । इसके अलावे बिहार शरीफ शहर के सोहसराय थाना के समीप सड़क किनारे बसे लोगों का पूर्णस्थापना करने की बात भी सामने आई है।
बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के महल पर रैन बसेरा के समीप सरकारी भूमि पर वेंडिंग जोन का निर्माण एक माह के भीतर कर लिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था के मद्दैनजर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए चयनित संवेदक को कार्यदेश निर्गत किए जाने पर सहमति प्रदान करते हुए आगामी त्यौहार के पूर्व स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया।
बोर्ड की बैठक में आगामी 11 मार्च 2026 से 13 मार्च 2026 तक मघड़ा शीतलाष्टमी मेला के अवसर पर पूर्व वर्ष की भांति व्यापक साफ- सफाई प्रकाश व्यवस्था के अलावा अन्य आवश्यक व्यवस्था कराए जाने पर सहमति बनी है।
नगर विकास एवं आवास विभाग बिहार सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार प्रॉपर्टी टैक्स की राशि का एक मुश्त जमा करने पर ब्याज माफ योजना जो 31 मार्च 2026 तक प्रभावी है, इसका प्रचार प्रसार कराए जाने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावे विस्तारित वार्ड में हुए सड़क वर्गीकरण का विभाग से अनुमोदन के उपरांत राजस्व संग्रहण किया जाने का निर्णय लिया गया। ट्रेड लाइसेंस की वसूली सुनिश्चित किए जाने को लेकर रोस्टर तैयार कर सभी व्यवसाईयों से ट्रेड लाइसेंस की वसूली की जाएगी।
नगर निगम क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से मीट मुर्गा की दुकानों के विरुद्ध तथा अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग को हटाते हटाते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बीपीएल परिवारों को ठोस अपशिष्ट कचरा प्रबंधन शुल्क का भुगतान में छूट है, जिसका व्यापक प्रचार प्रसार किया जाने की बात कही गई।
आयोजित बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता महापौर श्रीमती अनीता देवी ने कीं। जबकि इस बैठक में उप महापौर श्रीमती आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक, स्टैंडिंग कमेटी के सभी सदस्य, सभी पाषर्दगण, उपनगर आयुक्त, सभी नगर प्रबंधक सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
