विधान परिषद में नीतीश कुमार का राबड़ी देवी पर तंज, जानिए क्या है मामला!

पटना

बीपी डेस्क। बिहार विधान परिषद में सोमवार को कार्यवाही शुरू होते ही माहौल गर्म हो गया. कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के सवालों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कदर भड़क गए कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष की नेता राबड़ी देवी पर तीखे शब्दों में हमला बोल दिया.

कार्यवाही शुरू होते ही राबड़ी देवी के नेतृत्व में आरजेडी की महिला विधान पार्षदों ने कानून-व्यवस्था को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी. विपक्ष का आरोप था कि राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार नियंत्रण में विफल है. नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित होने लगी.

विपक्ष के शोर के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खड़े हुए और सभापति से हंगामा कर रहे सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा, “ई सब को कुछ आता था? कोई काम किया है? 15 साल सरकार में थे, कुछ नहीं किया. आज देख लीजिए 20 साल में कितना काम हुआ है.”

नीतीश कुमार ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में बिहार ने विकास के कई पड़ाव पार किए हैं. नीतीश कुमार ने सदन में बोलते हुए कहा, “ई तीन गो बोल रही है… सुन लो…”, उनका इशारा मुन्नी रजक, राबड़ी देवी और उर्मिला ठाकुर की ओर था. राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “ई लड़की है… इसके जो हट गए, कुछ दिन बाद इसी को बना दिया.”

इस टिप्पणी के बाद सदन में शोर और तेज हो गया. सभापति ने विपक्ष से अपील की कि मुख्यमंत्री की बात सुनी जाए, लेकिन विपक्ष शांत नहीं हुआ. इसी दौरान आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह ने गृह मंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग भी रख दी. शोर-शराबे के बीच नीतीश कुमार यह कहते रहे कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *