बीपी डेस्क। पटना के गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारी शुरू हो गई है. सोमवार (19 जनवरी, 2026) को जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने तैयारियों का जायजा लिया. डीएम ने कहा है कि 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन होगा. इसके लिए निर्धारित मानकों के अनुसार तेजी से सभी तैयारी चल रही है.
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक तैयारी के दृष्टिकोण से पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टर में एवं आवश्यकतानुसार सब-सेक्टर में बांटा गया है. अपर जिला दंडाधिकारियों एवं अपर पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में सभी सेक्टर में कार्य कराया जा रहा है. जिलाधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में अस्थायी थाना एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष क्रियाशील रहेगा.
इन अस्थायी थाना एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष के साथ-साथ 18 वाच टावर से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. इसमें 8 स्थायी और 10 अस्थायी वाच टावर शामिल हैं. गांधी मैदान परिसर में और आसपास समुचित संख्या में कैमरा स्थापित किया गया है. गांधी मैदान में 12 विभागों की झांकियों का तेजी से निर्माण किया जा रहा है.
उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में नजारत उप समाहर्ता एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मानकों के अनुसार झांकियों के प्रदर्शन के लिए सभी प्रबंध करेंगे. झांकियों की ऊंचाई 15 फीट से अधिक नहीं होगी. जिला प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर गांधी मैदान में आम जनता का प्रवेश गेट नं. 5, 6 एवं 7 से होगा.
जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, गोलघर, मंदिरी, बुद्धा कॉलोनी एवं सम्बद्ध रास्तों से आने वाले लोग गांधी मैदान में गेट नं. 5 (गांधी मैदान के उत्तर श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल के सामने) एवं गेट नं. 6 (गांधी मैदान के उत्तर-पूरब कोना पर कारगिल चौक के पास) से सुविधाजनक ढंग से प्रवेश कर सकते हैं.
बारी पथ, नाला रोड, ठाकुरबारी रोड, बाकरगंज, एक्जीबिशन रोड, फ्रेजर रोड, टीएन बनर्जी रोड, छज्जूबाग एवं सम्बद्ध रास्तों से आने वाले लोग गेट नं. 7 (गांधी मैदान के पूर्व उद्योग भवन के सामने) से प्रवेश कर सकते हैं. मीडिया बंधुओं का प्रवेश गेट नं. 9 (गांधी मैदान के दक्षिण रिजर्व बैंक के सामने) से होगा.
