बीपी डेस्क। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबले खत्म हो चुके हैं और अब टूर्नामेंट अपने सबसे रोमांचक पड़ाव यानी सुपर-8 राउंड में पहुंच गया है. टीम इंडिया ने लीग स्टेज में लगातार जीत दर्ज करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और आत्मविश्वास के साथ अगले चरण में जगह बनाई है. अब असली चुनौती शुरू होने जा रही है, जहां हर मैच सेमीफाइनल का टिकट तय कर सकता है.
भारतीय टीम सुपर-8 में अपना पहला मैच 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी. यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. यह वही मैदान है जहां टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मैच खेला था. ऐसे में घरेलू परिस्थितियों का फायदा भारतीय खिलाड़ियों को मिल सकता है.
बता दें कि साउथ अफ्रीका की टीम ने भी इस टूर्नामेंट में अब तक जबरदस्त प्रदर्शन किया है. ग्रुप स्टेज में उन्होंने अपने सभी मुकाबले जीतकर सुपर-8 में एंट्री की है. खास बात यह है कि अफ्रीकी टीम अहमदाबाद में पहले भी कई मैच खेल चुकी है, जिससे उन्हें यहां की पिच और मौसम का अनुभव है.
सुपर-8 के इस मुकाबले का नतीजा दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होगा. जीत दर्ज करने वाली टीम के लिए सेमीफाइनल की राह आसान हो सकती है, जबकि हारने वाली टीम पर दबाव बढ़ जाएगा. ऐसे में फैंस को एक कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है.
