बीपी डेस्क। राजकीय पॉलिटेक्निक, गया में टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड द्वारा मेगा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव काआयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार राज्य के विभिन्न सरकारी एवं निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्र–छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज के प्राचार्य डा एच के सिंह ने मेगा कैंपस प्लेसमेंट में पहुंचे छात्र छात्राओं के सुनहरे भविष्य के प्रति कामना व्यक्त की।
साथ नियोक्ता कंपनी के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया. संस्थान के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट कोषांग की संयोजक प्रो. सन्नी कुमारी ने बताया कि कुल 613 छात्र–छात्राओं ने अपना पंजीकरण कराया। इसमें मगध प्रमंडल के सभी राजकीय एवं निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों के अलावा राजकीय पॉलिटेक्निक किशनगंज एवं राजकीय पॉलिटेक्निक शेखपुरा के छात्र–छात्राएं भी शामिल हुए।
कैंपस प्लेसमेंट के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा, तकनीकी दक्षता, प्रबंधन ज्ञान एवं साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस प्लेसमेंट ड्राइव में यांत्रिक अभियंत्रण, विद्युत अभियंत्रण एवं ऑटोमोबाइल अभियंत्रण शाखाओं के 18 से 23 वर्ष आयु वर्ग के अध्ययनरत छात्रों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर कंपनी की एचआर टीम ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति गुजरात के सानंद स्थित टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के प्लांट में की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 2.28 लाख रुपये का वार्षिक वेतन पैकेज प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मेडिकल सुविधा, कैंटीन सुविधा एवं आवागमन की व्यवस्था भी कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।कंपनी की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि चयनित छात्रों को पहले एक वर्ष का अप्रेंटिस शिप प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके पश्चात कंपनी के सहयोग से तीन वर्ष का बीटेक कार्यक्रम पूर्ण कराया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कालेज वरीय शिक्षक डा विनोद कुमार सिंह सहित समिति के सदस्य प्रोफेसर रवि चौधरी, प्रोफेसर खुशबू कुमारी, प्रोफेसर अच्युत कुमार तथा संस्थान के छात्र स्वयंसेवक अनिमेश, अर्पिता एवं अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
