मोतिहारी, राजन दत्त। जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में आज सिकरहना नदी में डूबने से एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। जिसकी पहचान कैथवलिया निवासी बचन सहनी के पुत्र मिलन कुमार (10) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार मिलन अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था।
इसी दौरान वह शौच के लिए नदी किनारे गया। जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबते देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद नदी से मिलन का शव बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर सुगौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना के जमादार जयप्रकाश सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं मृतक के घर में कोहराम मचा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
