आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम करना, अपराध पर नियंत्रण और पर्यटकों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने शुक्रवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। समाहरणालय परिसर में नालंदा पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति को लेकर आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, शराबबंदी को सख्ती से लागू कराना तथा आम लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
एसपी हृदयकांत ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम लोगों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करना और अपराधियों में कानून का भय कायम करना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध करने वालों के लिए जगह सलाखों के पीछे होगी। पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, वहीं आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी अपनी शिकायत लेकर थाना पहुंचे तो उसे निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए।
पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि पीड़ित की बात गंभीरता से सुनी जाए और मामले में नियमानुसार समय पर कार्रवाई की जाए। फरियादी के मन में पुलिस के प्रति भरोसा और चेहरे पर संतोष दिखे, इसके लिए पुलिस को संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। एसपी ने कहा कि अपराध की घटना होने के बाद कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन उससे अधिक महत्वपूर्ण अपराध को होने से रोकना है।
इसके लिए शहर से लेकर गांव तक पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। चौक-चौराहों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखते हुए पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाई जाएगी।
शराब और सूखे नशे के कारोबार पर होगी सख्ती
शराबबंदी को लेकर एसपी ने कहा कि यह सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है और नालंदा में इसे पूरी सख्ती के साथ लागू कराया जाएगा। शराब के कारोबार, निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सूखे नशे के कारोबार पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। नशे के कारोबार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा ऐसे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष जोर
नालंदा की ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व को देखते हुए एसपी ने पर्यटकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि नालंदा ज्ञान की धरती रही है और यहां से पूरी दुनिया में ज्ञान का संदेश गया है। राजगीर, नालंदा सहित जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ पर्यटकों की सहायता के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। जनता पुलिस की आंख और कान होती है। पुलिस पदाधिकारी नियमित रूप से लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार करने और कानून का पालन कराने में निष्पक्षता बरतने की अपेक्षा जताई।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी हृदयकांत ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, गश्ती व्यवस्था मजबूत करने और आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालंदा पुलिस का उद्देश्य ऐसा माहौल बनाना है, जहां आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें और अपराधी कानून के डर में रहें।
एसपी ने कहा कि नालंदा में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस टीम के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्ती और आम लोगों के प्रति संवेदनशीलता के बीच संतुलन बनाकर पुलिसिंग को प्रभावी बनाया जाएगा।
