मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खिलाडियों को देंगे नियुक्ति-पत्र और खेल छात्रवृति चयन पत्र

पटना
  • उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री भी होंगे शामिल
  • ऊर्जा ऑडिटोरियम में 24 जुलाई को 12.30 बजे अपराह्न आयोजित होगा कार्यक्रम
  • इस वर्ष 106 खिलाडियों सहित पिछले दो वर्षों में 180 खिलाड़ियों मिला नियुक्ति पत्र
  • क्रिकेट खिलाड़ी आकाशदीप और मुकेश कुमार बने पुलिस उपाधीक्षक और एथलेट पीयूष राज बने पुलिस अवर निरीक्षक
  • प्रेरणा, सक्षम और उत्कर्ष खेल छात्रवृत्ति योजना में 637 खिलाडियों को मिलेगा चयन पत्र।

बीपी डेस्क : बिहार सरकार की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए 24 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत नियुक्ति-पत्र, खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र तथा खेल सम्मान राशि प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि राज्य सरकार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में सीधी नियुक्ति देकर तथा खेल छात्रवृत्ति उपलब्ध कराकर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इनमें भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) तथा एथलेटिक्स खिलाड़ी पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। इसके अलावा पाँच पैरा खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेल विधाओं के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी नियुक्ति-पत्र सौंपे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न खेलों के 180 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है, जो खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी पहल है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा खेल सम्मान
समारोह में खेल सम्मान योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने तथा एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बने सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

इसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप-2026 की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली महरयम फातिमा को 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। श्री शंकरण ने बताया कि बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना-2026 के अंतर्गत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी तथा खेल विज्ञान संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रेरणा, सक्षम और उत्कर्ष छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

इन योजनाओं के तहत प्रतिवर्ष क्रमशः 3 लाख रुपये, 5 लाख रुपये और 20 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल 637 खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इनमें उत्कर्ष योजना के 21, सक्षम योजना के 184 तथा प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि प्रेरणा योजना के अंतर्गत चयनित 432 खिलाड़ियों में से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी ‘मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ के माध्यम से किया गया है। श्री शंकरण ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर बिहार को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।