-सभी माध्यमों से बढ़ रही डिजिटल बुकिंग की लोकप्रियता
बीपी डेस्क। दानापुर रेल मंडल यात्रियों की सुविधा का हमेशा ध्यान रखता है और इसके लिए आधुनिक समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए हर क्षेत्र में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करता है। दानापुर मंडल अपने यात्रियों को सूचित करता है कि रेलवे द्वारा टिकट काउंटरों पर होने वाली अधिक भीड़ से बचने के लिए एवं यात्रियों को उनके फिंगर टिप पर सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए रेलवन (RailOne) मोबाइल एप के माध्यम से अनारक्षित टिकटों की बुकिंग पर 3% की छूट (Discount) देने का निर्णय लिया है। यह विशेष सुविधा 14 जनवरी, 2026 से प्रारंभ की गयी है और 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी।
आर-वालेट को छोड़कर रेलवन ऐप पर उपलब्ध सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों जैसे यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को इस छूट का लाभ मिलेगा।
रेलवन ऐप के आर-वॉलेट (R-wallet) से अनारक्षित टिकट बुक करने पर पहले से ही 3% कैशबैक बोनस मिल रहा है। यानी यात्रियों को डिजिटल भुगतान करने पर सीधी 3% छूट और आर-वालेट से भुगतान करने पर 3% कैशबैक। इस प्रकार रेलवन ऐप पर डिजिटल भुगतान द्वारा अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को लाभ सुनिश्चित होगा।
इस कदम का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करना और नकद लेन-देन को कम करना है। इस योजना से डिजिटल टिकटिंग को व्यापक बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को अधिक सुविधा प्राप्त होगी। रेलवन ऐप एक ही मंच पर आरक्षित, अनारक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग, ट्रेन की लाइव लोकेशन, PNR स्टेटस, कोच पोजिशन, भोजन बुकिंग, शिकायत/सुझाव, पार्सल ट्रैकिंग जैसी सुविधाएँ प्रदान करता है।
विदित हो कि 14 जनवरी से अब तक रेलवन मोबाइल ऐप द्वारा लाखों की संख्या में यात्रियों ने टिकट बुक किया है। उल्लेखनीय है कि रेलवन ऐप के अलावा भी दानापुर मंडल में पिछले एक महीने (21 दिसंबर 2025 से लेकर 20 जनवरी 2026 तक) के अंदर यूटीएस, पीआरएस एवं एटीवीएम का उपयोग करके क्रमशः 1998617, 1080602 एवं 345107 यात्रियों ने डिजिटल ट्रांजेक्शन के माध्यम से भुगतान करके अपनी यात्रा सुनिश्चित की।
