बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : पेपर लीक के विरोध में छात्र संगठनों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। आइसा (AISA) के कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संभावित विधि-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए शहर के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है।
इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वरीय अधिकारियों को विशेष वाहन गश्ती दल के साथ लगाया गया है। शहर में भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए 40 से अधिक स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन द्वारा जिन प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
