बांगरमऊ नगर पालिका : EO की अव्यवस्थाओं और मनमानी कार्यशैली के खिलाफ सभासदों ने पालिका परिसर में दिया धरना और की नारेबाजी, सौंपा 12 सूत्रीय ज्ञापन

उत्तर प्रदेश कानपुर
  • सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो तिकोनिया पार्क तिराहे पर उग्र आंदोलन कर पुतला दहन किया जाएगा।

बीपी प्रतिनिधि। नगर पालिका में फैले कथित भ्रष्टाचार को लेकर जनप्रतिनिधियों का सब्र जवाब दे गया। अव्यवस्थाओं और मनमानी कार्यशैली के खिलाफ कई सभासदों ने पालिका परिसर में धरना देकर अधिशाषी अधिकारी गुंजन गुप्ता को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और जमकर नाराजगी जाहिर की।

एक सप्ताह में कार्यवाही न होने पर आंदोलन कर पुतला दहन की चेतावनी दी। बांगरमऊ नगर पालिका के सभासद इसरार खां, शारदा देवी, राहुल शुक्ला, गुड़िया बानो, प्रियंका गौतम,वीरपाल समेत अन्य ने आरोप लगाया कि पालिका में बोर्ड बैठक तक नहीं कराई जा रही और मनमाने ढंग से फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है।

जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में भी अनावश्यक रूप से तीन-तीन हलफनामे लगवाकर आम जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। आरोप है कि सोलर टंकियों को भी बिजली से चलाकर योजनाओं की मंशा पर पानी फेरा जा रहा है, जबकि सफाई कर्मियों की नियुक्ति में 75 हजार रुपये तक वसूली का खेल चल रहा है।

इतना ही नहीं, भुगतान के बाद भी ट्यूबवेल चालू नहीं हो रहे और बिना बीमा के वाहन सड़कों पर दौड़ाए जा रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो तिकोनिया पार्क तिराहे पर उग्र आंदोलन कर पुतला दहन किया जाएगा। नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर उठे इन गंभीर सवालों ने पूरे नगर में आक्रोश की चिंगारी भड़का दी है।