ब्रम्हानंद। मुजफ्फरपुर जिले में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य समारोह आयोजित किया गया। राज्य सरकार के उपमुख्यमंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी रेंज, जिलाधिकारी, एसएसपी सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान पुलिस विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
झांकियों के माध्यम से सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया गया। झंडोत्तोलन के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने समारोह का निरीक्षण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
अपने अभिभाषण में उन्होंने कहा कि बिहार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें मुजफ्फरपुर जिले की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज इस अवसर पर शामिल होकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है।
