डी.के. कॉलेज डुमरांव में स्मार्ट निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बक्सर

विक्रांत। आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को डी.के. कॉलेज, डुमरांव में आईक्यूएसी (IQAC) के तत्वावधान में एक दिवसीय स्मार्ट निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वित्तीय साक्षरता एवं सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) से संबद्ध स्मार्ट ट्रेनर डॉ. अजीत कुमार मौर्य रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में वित्तीय जागरूकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में सही जानकारी के अभाव में लोग आसानी से वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं।

डॉ. मौर्य ने अपने संबोधन में बचत, निवेश, बीमा, म्यूचुअल फंड, पेंशन योजनाओं एवं शेयर बाजार की मूलभूत जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने बताया कि निवेश से पूर्व जोखिम और प्रतिफल (Risk & Return) का संतुलन समझना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने फर्जी कॉल, लालचपूर्ण निवेश योजनाओं, साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की।

व्याख्यान के दौरान उन्होंने सेबी द्वारा संचालित SMART (Securities Market Awareness and Research Training) कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम आम निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं जिम्मेदार निवेश के लिए प्रशिक्षित करता है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से केवल अधिकृत एवं पंजीकृत संस्थाओं के माध्यम से ही निवेश करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में डी.के. कॉलेज की माननीय प्राचार्य डॉ. वीणा कुमारी द्वारा मुख्य वक्ता व्यक्ति डॉ. अजीत कुमार मौर्य को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. फैसल खान, डॉ. उषा कुमारी, डॉ. अवनीश सिंह,

डॉ. अब्दुल कैश, डॉ. रमेश कुमार यादव, डॉ. पूनम मौर्या, डॉ. जमील अख्तर, डॉ. दिव्या, डॉ. रूचि बाला, डॉ. अंजू, डॉ. संध्या, डॉ. चंद्र भूषण, डाॅ.रविरंजन पाण्डेय, डॉ. रणधीर कुमार, डॉ. राम सुभाग सिंह, डॉ. हरे राम, डॉ. पूनम कुमारी, पुस्तकालय अध्यक्ष अखिलेश्वर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *