सीएम नीतीश के पुत्र निशांत वृंदावन में बिना VIP प्रोटोकॉल सड़क पर निकले, ई-रिक्शा से घूमते और पूजा-पाठ में जुटे

उत्तर प्रदेश पटना

सेंट्रल डेस्क। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार एक बार फिर अपनी सादगी और शांत स्वभाव को लेकर चर्चा में हैं. इस बार वजह बनी है उनकी वृंदावन यात्रा. जहां वे बिना किसी VIP प्रोटोकॉल, सुरक्षा घेरे और तामझाम के आम लोगों की तरह घूमते नजर आए. निशांत कुमार इन दिनों वृंदावन में पूजा-पाठ और भक्ति में समय बिता रहे हैं.

वे अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ वृंदावन की संकरी गलियों में घूमते देखे गए. खास बात यह रही कि उनके साथ न तो कोई सरकारी सुरक्षा दिखी और न ही VIP अंदाज. उन्होंने ई-रिक्शा की सवारी की और आम श्रद्धालुओं की तरह मंदिरों में दर्शन किए.

स्थानीय लोग जब यह समझ पाए कि सामने मुख्यमंत्री का बेटा है, तो हैरानी जरूर हुई. लोगों का कहना था कि निशांत बिल्कुल सामान्य युवक की तरह व्यवहार कर रहे थे. किसी तरह का अलग दिखावा नहीं था. निशांत कुमार आमतौर पर सार्वजनिक जीवन और मीडिया की सुर्खियों से दूरी बनाए रखते हैं.

वे न तो लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों में दिखते हैं और न ही किसी मंच से बयानबाजी करते नजर आते हैं. यही वजह है कि जब भी वे सार्वजनिक जगहों पर दिखते हैं, तो चर्चा अपने आप शुरू हो जाती है. हालांकि बिहार की राजनीति में समय-समय पर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें जरूर लगती रहती हैं.

लेकिन अब तक उन्होंने खुद को एक्टिव राजनीति से दूर ही रखा है. निशांत कुमार को भगवान कृष्ण का भक्त बताया जाता है. उन्होंने एक बार अपने बारे में बताया था कि वे मोबाइल पर ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ सुनते थे, लेकिन आवाज साफ नहीं आती थी. इसके बाद उन्होंने स्पीकर खरीदा, ताकि कृष्ण भजन अच्छे से सुन सकें.

वृंदावन यात्रा भी उनके इसी आध्यात्मिक झुकाव से जोड़कर देखी जा रही है. हाल ही में निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के साथ नालंदा दौरे पर भी गए थे. वहां पार्टी कार्यकर्ताओं और गांव के लोगों ने उन्हें घेर लिया था. लोगों ने अपनी समस्याएं भी रखीं. इस पर निशांत ने कहा था, “देखते हैं, हम करवाते हैं.”

नालंदा में निशांत ने गांव की महिलाओं से मुलाकात की, गरीबों और बच्चों के बीच कंबल बांटे. गेस्ट हाउस की कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिनमें निशांत और नीतीश कुमार साथ बैठकर नाश्ता करते नजर आए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *