चंपारण की खबर : सुरसंड बीडीओ के पांच ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति के सबूत मिले

मोतिहारी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिसमें सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड के बीडीओ पूर्वी चंपारण जिले के शंकर सरैया निवासी कृष्णा राम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में निगरानी विभाग ने सीतामढ़ी, मोतिहारी, शंकर सरैया और पटना सहित पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।

जानकारी के अनुसार पूर्वी चम्पारण जिले में सुबह 10 बजे निगरानी विभाग ने छापेमारी अभियान की शुरुआत की। जिसके बाद पूरे प्रशासनिक विभागों में हड़कंप मच गया। सभी अधिकारी और कर्मचारी यह पता लगाने में जुट गए कि किसके यहां छापेमारी हो रही है। थोड़ी ही देर में यह स्पष्ट हो गया कि यह छापेमारी अभियान सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड के बीडीओ कृष्णा राम के खिलाफ चल जा रहा है।

निगरानी विभाग की टीम ने बीडीओ कृष्णा राम के पांच संभावित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इसमें सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड स्थित उनका कार्यालय और आवास, मोतिहारी के राजा बाजार स्थित किराए के मकान, शंकर सरैया स्थित उनका पैतृक आवास और पटना में उनका फ्लैट शामिल था। निगरानी विभाग में बीडीओ कृष्णा राम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज था।

निगरानी डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति का यह मामला 5 मार्च 2026 को निगरानी थाना में कांड संख्या 29/26 के तहत दर्ज किया गया था। आज की कार्रवाई इसी मामले की पड़ताल के लिए की गई।छापेमारी के दौरान टीम को कई जरूरी दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनकी जांच जारी है।

शुरुआती पड़ताल में यह भी सामने आया कि बीडीओ कृष्णा राम ने 21 भूखंड खरीदे हैं। इसके अलावा, पटना में फ्लैट और विभिन्न बैंकों में निवेश के कागजात भी मिले हैं। छापेमारी में निगरानी पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार और उपाधीक्षक रचित नाथ शामिल रहे।

दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा और मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कानूनी कदम उठाएगा। यह छापेमारी पूर्वी चम्पारण जिले में सरकारी अधिकारियों में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति मामलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई मानी जा रही है।