मुख्यमंत्री ने 102 करोड़ रुपये की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन एवं 133 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का किया शिलान्यास।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश।
बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में किशनगंज जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत धर्मकांटा चौक के निकट निर्माणाधीन ठाकुरगंज बाइपास (कटहलडांगी से धर्मकांटा चौक तक) सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ठाकुरगंज बाइपास का निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर अच्छे ढंग से पूर्ण हो इसका विशेष रुप से ख्याल रखें।
इस कार्य के पूरा हो जाने से आवागमन सुगम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं में ठाकुरगंज बाइपास पथ (कटहलडांगी से धर्मकांटा चौक तक) का निर्माण कार्य, रमजान नदी का डिसिल्टेशन, चैनलाइजेशन एवं सौंदर्गीकरण का कार्य, खगड़ा (प्रखंड-किशनगंज) में नए विद्युत शक्ति उपकेंद्र का निर्माण, केंद्र सरकार द्वारा किशनगंज-बहादुरगंज उच्च पथ-27 तथा 327-ई को फोर लेन सड़क से जोड़ने का कार्य,
किशनगंज प्रखंड में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कार्य, पोठिया प्रखंड में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कार्य, असुराघाट एवं निसंदरा घाट के बीच कनकई नदी पर उच्चस्तरीय आर०सी०सी० पुल का निर्माण कार्य एवं किशनगंज-ठाकुरगंज पथ में महानंदा नदी पर पुल का निर्माण कार्य की योजना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज प्रखंड के चूरली में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा नवनिर्मित 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रिड उपकेंद्र के नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा क्रियान्वित विभिन्न कार्यों एवं उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आप लोग इसी तरह से काम करते रहिए और आगे बढ़ते रहिये।
जीविका दीदियों ने भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम सब आपकी बदौलत ही आगे बढ़ रहे हैं। हम सब जीविका दीदियां इसके लिए आपका आभारी हैं। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने 13,375 जीविका स्वयं सहायता समूह को बैंक लिंकेज से आर्थिक सहयोग के तहत 2 अरब 42 करोड़ 64 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, 2,556 जीविका स्वयं सहायता समूह को सामुदायिक निवेश निधि के अंतर्गत 21 करोड़ 23 लाख 20 हजार का सांकेतिक चेक, 256 सतत् जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को आर्थिक सहयोग हेतु 2 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए का सांकेतिक चेक,
सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र की चाभी, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, दिव्यांगजनों के लिए बैट्री चालित ट्राइ साइकिल का चाभी, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मुस्लिम महिला परित्यकता/तालाकशुदा सहायता अनुदान योजना एवं मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज प्रखंड के चूरली ग्रिड उपकेंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर किशनगंज जिले के लिए 133 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास एवं 102 करोड़ रुपये की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ० दिलीप जायसवाल, अल्पसंख्यक कल्याण सह किशनगंज जिले के प्रभारी मंत्री मो० जमा खान, ठाकुरगंज के विधायक श्री गोपाल कुमार अग्रवाल, बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड चेयरमैन श्री इरशाद अली आजाद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर,
अपर पुलिस महानिदेशक श्री कुंदन कृष्णन, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, नार्थ बिहार पॉवर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त श्री राजेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ० कुमार आशीष, किशनगंज के जिलाधिकारी श्री विशाल राज, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
