राजन दत्त। बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को होने वाली वोटिंग से पहले सभी दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हुए हैं. इसी कड़ी में राजद ने अपने सभी विधायकों को पटना के एक होटल में ठहराया है, ताकि किसी तरह की टूट-फूट या क्रॉस वोटिंग की संभावना को रोका जा सके.
पटना के आर ब्लॉक के पास स्थित होटल पनाश में महागठबंधन के विधायकों को रखा गया है. पार्टी के नेताओं का कहना है कि चुनाव से पहले सभी विधायकों के साथ बैठकर रणनीति तय की जाएगी. रात में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विधायकों के साथ बैठक करेंगे और उन्हें वोटिंग को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश देंगे.
बताया जा रहा है कि करीब 12 साल बाद बिहार में राज्यसभा चुनाव में वोटिंग की स्थिति बनी है. इस बार पांचवीं सीट को लेकर मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है. इस सीट का फैसला क्रॉस वोटिंग से भी प्रभावित हो सकता है, इसलिए दोनों गठबंधन अपने-अपने विधायकों को संभालने में लगे हैं.
राजद नेताओं का आरोप है कि सत्ताधारी दल विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर सकता है. इसी वजह से पार्टी ने सभी विधायकों को एक ही जगह पर रखने का फैसला किया है. जानकारी के अनुसार पूर्व विधायकों को भी जिम्मेदारी दी गई है कि वे मौजूदा विधायकों पर नजर रखें और किसी भी तरह की गतिविधि की जानकारी पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएं.
