नालंदा में एक करोड़ की भीषण डकैती: हथियारबंद बदमाशों ने बीज कारोबारी के घर मचाया तांडव, परिवार को बंधक बनाकर नकदी-जेवरात लूटे

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार के नालंदा जिला के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित घनी आबादी वाले देवीसराय मोहल्ले में 2 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि रविवार की देर रात बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने एक सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब 10 से 12 नकाबपोश अपराधियों ने बाजार समिति के प्रतिष्ठित बीज कारोबारी राजीव रंजन कुमार के घर पर धावा बोलकर पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और लगभग एक करोड़ रुपये की नगदी, सोने-चांदी व डायमंड के आभूषण लूटकर फरार हो गए।

घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे की है। बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और करीब एक घंटे तक पूरे घर में तांडव मचाते रहे। घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी। घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

छत के रास्ते घर में घुसे, बुजुर्ग दंपती को बनाया पहला निशाना

पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों ने मुख्य दरवाजे के बजाय छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे कारोबारी के पिता बालेश्वर प्रसाद और मां फूलती देवी को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाया। दोनों के शरीर पर पहने सोने-चांदी के गहने जबरन उतरवा लिए गए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और दोनों को हथियार के बल पर पहली मंजिल पर ले जाया गया।

पूरे परिवार को बनाया बंधक, बच्चों को गोली मारने की धमकी

पहली मंजिल पर पहुंचे बदमाशों ने राजीव रंजन कुमार, उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों को भी बंधक बना लिया। आरोप है कि कुछ अपराधियों ने कारोबारी को जमीन पर गिराकर उनके सीने और गले पर जूता रख दिया तथा पिस्तौल की नोक पर तिजोरी की चाबियां और नकदी का ठिकाना पूछने लगे।

जब परिवार ने देर की तो बदमाशों ने महिलाओं के मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां और अन्य जेवरात जबरन छीन लिए। इतना ही नहीं, मासूम बच्चों की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर उन्हें गोली मारने और उठा ले जाने की धमकी दी। बच्चों की जान बचाने के लिए परिवार ने घर में रखी नकदी और आभूषणों की जानकारी अपराधियों को दे दी।

45 लाख नकद, सोना-चांदी और डायमंड के जेवर लूटे

पीड़ित कारोबारी ने बताया कि बदमाश घर में रखे करीब 45 लाख रुपये नकद, लगभग 40 भर (करीब 400 ग्राम) सोने के आभूषण, करीब 3 किलो चांदी के जेवर, दो डायमंड सेट, कई डायमंड अंगूठियां, डायमंड पेंडेंट, डायमंड मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

एक घंटे तक मचाया तांडव, आराम से फरार हुए बदमाश

डकैत रात करीब एक बजे घर में घुसे और लगभग दो बजे तक घर के हर कमरे की तलाशी लेते रहे। उन्होंने अलमारियां, तिजोरियां और बक्सों के ताले तोड़कर सारा कीमती सामान समेट लिया। जाते समय मुख्य गेट का ताला अंदर से तोड़ा और बिना किसी हड़बड़ी के आराम से फरार हो गए।

पहले ससुराल वालों को दी सूचना, फिर पहुंची पुलिस

वारदात के बाद दहशत में आए परिवार ने सबसे पहले नवादा स्थित अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद दीपनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

पड़ोसियों ने नहीं खोला दरवाजा

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की कोशिश की, लेकिन घनी आबादी वाले इलाके में भी किसी पड़ोसी ने न तो रात में मदद की और न ही पुलिस के पहुंचने पर दरवाजा खोलकर सहयोग किया। इससे इलाके में अपराधियों के खौफ और सामाजिक उदासीनता की तस्वीर भी सामने आई।

एसडीपीओ पहुंचे, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 अमरनाथ और दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे घर का निरीक्षण किया, पीड़ित परिवार का बयान दर्ज किया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

एसडीपीओ अमरनाथ ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में किसी ‘लाइनर’ की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में किसी संगठित या अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का हाथ हो सकता है।

पीड़िता बोलीं— ‘सबकुछ लूट लिया’

पीड़िता आभा सुमन ने बताया कि बदमाशों ने उनका पूरा गहना लूट लिया। दो डायमंड सेट, कई डायमंड अंगूठियां, डायमंड मंगलसूत्र, बच्चों की सोने की चेन, लॉकेट और बालियां तक नहीं छोड़ीं। उन्होंने कहा कि करीब एक घंटे तक बदमाश घर में रहे और पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट करते रहे।

वहीं, फूलती देवी ने बताया कि बदमाशों ने उनका गला दबाकर गहने उतरवा लिए, हाथ बांध दिए और मुंह पर टेप लगा दिया। उनके पति बालेश्वर प्रसाद के भी हाथ बांध दिए गए। इसके बाद दोनों को पहली मंजिल पर ले जाकर परिवार के अन्य सदस्यों को भी बंधक बनाया गया और लूटपाट के बाद सभी को बरामदे में बैठाकर बाहर से दरवाजा बंद कर अपराधी फरार हो गए।

इलाके में दहशत, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

घनी आबादी वाले इलाके में करीब एक घंटे तक चली इस बड़ी डकैती ने पूरे देवीसराय और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय नेटवर्क के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। घटना ने एक बार फिर जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।