नालंदा: दीपनगर डकैती कांड में 5वां आरोपी गिरफ्तार, कारोबारी का पूर्व ड्राइवर निकला ‘लाइनर’

नालंदा बिहारशरीफ

— 1.25 करोड़ की डकैती में 15 अपराधी शामिल; पुलिस ने अब तक 5 को दबोचा, 10 की तलाश जारी

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में बीज कारोबारी राजीव रंजन कुमार के घर 3 अगस्त की रात हुई करीब 1.25 करोड़ रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी कारोबारी का पूर्व ड्राइवर बताया जा रहा है, जिसने वारदात में लाइनर की भूमिका निभाते हुए अपराधियों को घर से जुड़ी अहम जानकारी उपलब्ध कराई थी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवादा जिले के बागी-बगडीहा गांव निवासी महेंद्र महतो के पुत्र बबलू प्रसाद के रूप में हुई है। दीपनगर पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि बबलू ने डकैती के मुख्य सरगना अजीत सिंह और उसके सहयोगी राजेश झा उर्फ लंगड़ा के लिए लाइनर का काम किया था। उसने कारोबारी के घर की रेकी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी अपराधियों तक पहुंचाई थी। इसके बदले लूट की रकम में बड़ा हिस्सा देने का सौदा तय हुआ था।

मुख्य सरगना समेत चार पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

इससे पहले पुलिस ने मुख्य सरगना अजीत सिंह, संजीव सिंह, बिट्टू कुमार और आदित्य कुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके कब्जे से 16.43 लाख रुपये नकद, 450 ग्राम सोने के आभूषण, 7 किलो चांदी तथा डायमंड और प्लैटिनम के जेवर बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार, अजीत सिंह ने डकैती की पूरी साजिश रची थी। घनी आबादी और संकरी गली में स्थित कारोबारी के घर की करीब 10 दिनों तक रेकी की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ उसी इलाके के रहने वाले हैं, जिन्हें मोहल्ले की भौगोलिक स्थिति की जानकारी थी।

15 अपराधियों ने दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, डकैती में कुल 15 अपराधी शामिल थे। इनमें दो अपराधी बाहर रहकर निगरानी कर रहे थे, जबकि अन्य अपराधी घर के अंदर दाखिल हुए थे। अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष 10 आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि बबलू प्रसाद को गुप्त सूचना के आधार पर उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

जामताड़ा से पकड़े गए थे चार आरोपी

इससे पहले पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के जुम्मन मोड़ के पास चाय की दुकान से मुख्य सरगना अजीत सिंह समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी। एसपी भारत सोनी के अनुसार, यही गिरोह इसी वर्ष बिहार थाना क्षेत्र के इमादपुर डकैती कांड में भी शामिल रहा है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर इस मामले में भी पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। मुख्य आरोपी अजीत सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास भी बताया गया है। वह पहले सजायाफ्ता रह चुका है और फरवरी 2025 में जेल से बाहर आया था।