नालंदा: पत्नी की चाकू से गला रेतकर की हत्या, आरोपी हिरासत में, राजगीर थाना क्षेत्र के माली टोला में वारदात

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : राजगीर थाना क्षेत्र के माली टोला में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग महिला की धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान बच्ची देवी (65) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति गिन्नी मालाकार (70) को हिरासत में लिया है। आरोपी ने पुलिस के समक्ष हत्या की बात स्वीकार की है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह को लेकर आरोपी और मृतका के बेटे के बयान अलग-अलग हैं।

पानी गिराने को लेकर हुआ विवाद, आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी गिन्नी मालाकार ने बताया कि शनिवार सुबह वह चापाकल पर बाल्टी में पानी भर रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने कथित तौर पर जानबूझकर पानी गिरा दिया। विरोध करने पर उसका बेटा वहां पहुंच गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोपी का दावा है कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से पत्नी और बेटे से अलग रह रहा था।

उसका आरोप है कि परिवार के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करते थे और उस पर एक महिला रिश्तेदार से अवैध संबंध होने का आरोप भी लगाया जाता था। आरोपी के अनुसार, जब बेटा उसकी पिटाई कर रहा था, तब पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बेटे ने बताया साजिश, जमीन के लिए हत्या का आरोप
वहीं, मृतका के बेटे उपेंद्र मालाकार ने पिता के इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। बेटे का कहना है कि उसकी मां सुबह दूध लाने के लिए घर से निकल रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने पहले से घात लगाकर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। उपेंद्र के मुताबिक, घर में किसी तरह का बड़ा विवाद नहीं था। उसके पिता अक्सर जमीन अपने नाम करवाने की मांग को लेकर परिवार में विवाद करते थे। बेटे ने आरोप लगाया कि जमीन के लालच में ही उसकी मां की हत्या की गई है।

पति-पत्नी के नाम है करीब एक एकड़ जमीन

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी गिन्नी मालाकार राजगीर स्थित विरायतन में प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन के रूप में काम करते थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह घर पर ही रहते थे। विरायतन के समीप उनके पास करीब 1 एकड़ 6 डिसमिल जमीन है, जो आरोपी और उसकी पत्नी बच्ची देवी के नाम बताई जा रही है। इसी जमीन को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

हत्या की असली वजह तलाश रही पुलिस

राजगीर SDPO संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गिन्नी मालाकार को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे पारिवारिक कलह थी या जमीन से जुड़ा विवाद, इसकी जांच की जा रही है।पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।