अविनाश पांडेय। बुधवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दीपनगर थाना क्षेत्र के सकरौल गांव स्थित मुसहरी टोला के पास तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे बैठे युवक को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रोह थाना क्षेत्र के बंदाजोर गांव निवासी सहदेव मांझी के पुत्र अजय मांझी के रूप में हुई है।

मृतक के साले जितेंद्र मांझी ने बताया कि अजय अपने ससुराल आए हुए थे। बुधवार की शाम उन्होंने बच्चों के लिए सामान नहीं लाने की बात कहते हुए सकरौल से चॉकलेट खरीदकर लाने की बात कही। चॉकलेट लेकर लौटने के दौरान सकरौल मस्जिद और ट्रांसफार्मर के पास यह हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार, अजय सड़क के किनारे से लौट रहे थे। इसी दौरान वहां एक वाहन पीछे की ओर आ रहा था। अंधेरा होने के कारण चालक की नजर अजय पर नहीं पड़ी और वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों से घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां अजय मृत अवस्था में पड़े थे। घटनास्थल पर उनके शरीर और आसपास की मिट्टी पर वाहन के पहियों के गहरे निशान भी मिले।
डंपर बैक करने के दौरान हुआ हादसा
दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजय सड़क किनारे अंधेरे में बैठे थे। इसी दौरान एक डंपर को पीछे करने के क्रम में वह उसकी चपेट में आ गए। डंपर के नीचे आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस फिलहाल अज्ञात डंपर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
