चंपारण की खबर : अब एक और शहर से हवाई सेवा जल्द, उड़ान योजना में छोटे विमान की होगी सेवा

मोतिहारी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। जिले के क्सौल हवाई अड्डा के बाद अब मोतिहारी हवाई अड्डा से भी छोटे विमानों की उड़ान शुरू होने की उम्मीद जगी है। सात निश्चय-3 के तहत जिले में हवाई सेवा शुरू करने को लेकर प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। हवाई अड्डा को केंद्र सरकार की उड़ान योजना में शामिल कराने के लिए राज्य सरकार ने नागर विमानन मंत्रालय से आग्रह किया है।

प्रारंभिक चरण में पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन कराने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को निर्धारित राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही साइट विजिट और अध्ययन से पहले सात बिंदुओं पर आधारित रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है।

बता दें कि मोतिहारी में हवाई अड्डा के लिए वर्तमान में करीब 25 एकड़ भूमि उपलब्ध है। भूमि की पैमाइश कराकर चहारदिवारी निर्माण को लेकर प्रस्ताव है। प्रशासनिक स्तर पर अतिक्रमण की भी जांच की जा रही है, जिसे हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय की मौजूदगी के कारण यहां हवाई सेवा की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। यदि उड़ान योजना के तहत यहां से सेवा शुरू होती है तो आम लोगों को किफायती दर पर हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी‌ बताया कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को आवागमन में सहूलियत होगी।

जिससे पर्यटन गतिविधियों में इजाफा होने की उम्मीद है। इस संबंध में अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि उड़ान योजना के तहत मोतिहारी हवाई अड्डा को विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। भूमि की पैमाइश कराकर चहारदिवारी निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *