Bihar Budget 2026 : बिहार में पेश हुआ 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ 76 लाख का बजट, गरीब परिवारों के सशक्तिकरण और महिला उत्थान पर विशेष जोर

पटना

बीपी डेस्क। बिहार में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ 76 लाख रुपए का है। वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश किया। इस बार बजट का कुल आकार 3,47,589.76 करोड़ रुपए रखा गया है, जो पिछले वर्ष के 3.17 लाख करोड़ के मुकाबले करीब 30 हजार करोड़ अधिक है।

वित्त मंत्री ने सदन में कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को ‘सात निश्चय-3’ के जरिए से विकसित राज्यों की कतार में खड़ा करना है। सरकार का मुख्य फोकस गरीबी उन्मूलन और समावेशी विकास पर है, जिसके तहत प्रदेश के 94 लाख गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की योजना तैयार की गई है। वित्त मंत्री ने बिहार के भविष्य का रोडमैप साझा करते हुए पांच मूल तत्वों की घोषणा की।

उन्होंने कहा, ‘ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान’ के स्तंभों पर चलकर ही बिहार प्रगति करेगा। इन तत्वों के माध्यम से शिक्षा, पारदर्शी शासन, आधुनिक तकनीक, युवाओं की आकांक्षाओं और सामाजिक गौरव को बजट की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। बजट भाषण के दौरान महिलाओं की आर्थिक आजादी पर सरकार की सफलता साझा की गई। वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने बताया कि अब तक राज्य की 1.56 करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।

‘सात निश्चय-3’ के तहत महिला उद्यमिता और उनके सामाजिक उत्थान के लिए फंड के दायरे को और बढ़ाने का प्रस्ताव है। चालू वित्त वर्ष की तुलना में बजट के आकार में बड़ी वृद्धि विकास की गति को तेज करने के लिए की गई है। बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ गरीबी मिटाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 94 लाख गरीब परिवारों के लिए विशेष रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *