लखनऊ, भूपेंद्र सिंह। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण जान गंवाने वाले लोगों को शुक्रवार को इकाना स्टेडियम में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। आईपीएल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों, मैच अधिकारियों और हजारों दर्शकों ने मृतकों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया।
स्टेडियम का माहौल इस दौरान पूरी तरह भावुक और गंभीर नजर आया। मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम के बड़े स्क्रीन पर तूफान में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना संदेश प्रदर्शित किया गया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर एक पंक्ति में खड़े हुए और मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
दर्शकों ने भी अपनी सीटों पर खड़े होकर इस श्रद्धांजलि में भागीदारी निभाई। पूरे स्टेडियम में कुछ क्षणों के लिए सन्नाटा छा गया और सभी ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।इस दौरान कई खिलाड़ियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरने का फैसला भी किया।
गौरतलब है कि बीते दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में आए तेज तूफान और आंधी-बारिश से भारी नुकसान हुआ था। कई लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में अभी तक प्रयासरत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुकाबला शुरू हुआ, लेकिन मैच के आरंभिक क्षणों में भी खिलाड़ियों और दर्शकों के चेहरों पर गंभीरता साफ दिखाई दी। खेल प्रेमियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में इस तरह की संवेदनशीलता समाज को एकजुट करने का काम करती है।
