बीपी डेस्क। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। गांधी मैदान में आयोजित समारोह को लेकर सुरक्षा से लेकर कार्यक्रम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मुख्यमंत्री के लिए भी यह अवसर खास रहा, क्योंकि पिछली बार वह गांधी मैदान में उपमुख्यमंत्री के रूप में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहारवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।




उन्होंने कहा कि यह गौरवशाली अवसर उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का है, जिनके संघर्ष से देश को स्वतंत्रता मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार को मिल रहे सहयोग और संसाधनों का सदुपयोग करते हुए सभी मिलकर समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प को साकार करेंगे।



उन्होंने कहा कि विकास की इस यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार का लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।


1500 जवानों की तैनाती :
गांधी मैदान इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। गांधी मैदान इलाके में 1500 जवानों की तैनाती की गई है। सीसीसीटी और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी और जवान सुबह छह बजे ही तैनात हो चुके हैं। सभी के लिए अलग-अलग एंट्री गेट बनाई गई है।
आज कुल 13 विभागों की झांकियां निकलेगी। इसके लिए सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की झांकी कैमूर के प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम, भीमबांध वन्यजीव अभयारण्य और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता पर आधारित होगी। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की झांकी ‘जान भारत’ के माध्यम से विरासत संरक्षण और प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन को प्रदर्शित करेगी।
कृषि विभाग की झांकी आधुनिक और स्मार्ट तकनीक से खेती को दर्शाएगी, जबकि बिहार शिक्षा परियोजना परिषद/शिक्षा विभाग की झांकी आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और मुख्यमंत्री की योजनाओं को केंद्र में रखेगी। जीविका/ग्रामीण विकास विभाग की झांकी महिला सशक्तीकरण और जीविका दीदियों की आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करेगी।
बिहार मौसम सेवा केंद्र की झांकी मौसम की सटीक भविष्यवाणी और तकनीकी प्रगति पर आधारित होगी। राज्य अग्निशमन सेवा की झांकी आपदा प्रबंधन और आग से सुरक्षा के आधुनिक उपायों को दर्शाएगी। ऊर्जा विभाग की झांकी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और रिन्यूएबल एनर्जी को प्रदर्शित करेगी।
वहीं नागरिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास निगम/समाज कल्याण विभाग, उद्योग विभाग, विधि (Law), सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) की झांकियां भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा, विकास और सरकारी उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगी।
