नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : भारत के 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राजेंद्र आश्रम, कांग्रेस कार्यालय, बिहारशरीफ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित कांग्रेसजनों ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महान नेताओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद सहित अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। आज आवश्यकता है कि हम स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करें। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब देश के प्रत्येक नागरिक को सम्मान, न्याय, रोजगार, शिक्षा और समान अवसर प्राप्त हो।

कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनता के बीच लगातार काम करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने तथा देश की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक परंपराओं को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।