नालंदा: “पहले लक्ष्य तय करें, फिर Step-by-Step आगे बढ़ें, तभी लक्ष्य होगा हासिल”: डीएम

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : जिला समाहरणालय के न्यू एनआईसी भवन में जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनशिकायतों, लंबित मामलों और जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सरकारी विद्यालयों के शैक्षणिक एवं समग्र उन्नयन पर जोर देते हुए स्मार्ट क्लास, बेहतर खेल सुविधाएं, खेल सामग्री और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के समकक्ष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए प्रधानाध्यापकों के साथ विशेष बैठक आयोजित करने तथा CSR के माध्यम से सहयोग की संभावनाएं तलाशने को भी कहा। समीक्षा के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट मंत्र दिया कि पहले लक्ष्य तय करें और फिर उसे छोटे-छोटे कार्यों में बांटकर Step-by-Step आगे बढ़ें। उन्होंने कहा, “हमें बताना नहीं है, हमें रिजल्ट चाहिए।”

उन्होंने नियमित समीक्षा और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के जरिए मापनीय एवं धरातल पर दिखने वाले परिणाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगरनौसा में डिग्री कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित होने पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। आयुष्मान कार्ड योजना में जुलाई तक 11,80,945 कार्ड सत्यापित होने पर संतोष जताया गया। राशन कार्ड e-KYC की समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया गया।

बैठक में अस्थावां की बेहतर कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए अन्य प्रखंडों को भी इसे अपनाने को कहा गया। साथ ही PM सूर्य घर योजना, नल-जल योजना समेत अन्य योजनाओं में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।