Good News : आधार कार्ड का नया डिजाइन और ऐप लॉन्च, अब फोटो और QR कोड से मिलेगी सुरक्षा

Uncategorized

सेंट्रल डेस्क। आधार कार्ड आज हमारी पहचान का सबसे बड़ा जरिया है, लेकिन अब इसके डिजाइन और इस्तेमाल के तरीके में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है. NDTV के रिपोर्ट्स के अनुसार, UIDAI आधार को पहले से ज्यादा सुरक्षित और स्मार्ट बनाने जा रहा है. इसका मकसद सिम कार्ड फ्रॉड और बैंक से जुड़ी धोखाधड़ी को रोकना है.

नए डिजाइन में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब कार्ड के सामने के हिस्से पर केवल आपकी फोटो और एक QR कोड दिखाई देगा. आपकी निजी जानकारी जैसे पता या डेट ऑफ बर्थ सीधे कार्ड पर छपी नहीं होगी. जब भी किसी को आपकी पहचान वेरिफाई करनी होगी, तो वे सिर्फ QR कोड स्कैन करेंगे. इससे आपकी पर्सनल डिटेल्स सुरक्षित रहेंगी और कोई उनका गलत इस्तेमाल नहीं कर पाएगा.

हाल ही में सरकार ने एक नया आधार ऐप भी लॉन्च किया है. इस ऐप की मदद से आप अपने बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट) को एक क्लिक में लॉक या अनलॉक कर सकते हैं. इसकी सबसे खास बात सिलेक्टिव क्रेडेंशियल शेयरिंग है. यानी अगर आपको कहीं सिर्फ अपनी उम्र बतानी है, तो आप पूरा आधार देने के बजाय सिर्फ उम्र वाला QR कोड दिखा सकते हैं.

क्या एक ऐप में पूरे परिवार का आधार दिखेगा?
जी हां, नए ऐप में वन फैमिली-वन ऐप का फीचर दिया गया है. इसका मतलब है कि आप एक ही मोबाइल पर परिवार के 5 सदस्यों के आधार प्रोफाइल मैनेज कर सकते हैं. इसके अलावा, अब आपको मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना होगा, यह काम भी अब ऐप के जरिए आसानी से किया जा सकेगा.

वहीं होटल चेक-इन, अस्पताल में भर्ती होना या सिनेमा टिकट बुकिंग जैसे कामों के लिए अब फिजिकल कार्ड साथ रखने की जरूरत कम होगी. चेहरे से वेरिफिकेशन की सुविधा होने के कारण धोखाधड़ी की गुंजाइश खत्म हो जाएगी.