राज्य में उर्वरक की कोई कमी नहीं, किसानों को निर्धारित दर पर समय पर मिलेगा खाद: विजय कुमार सिन्हा

पटना

​फार्मर आईडी के आधार पर उर्वरक कटौती की खबरें पूरी तरह भ्रामक और अफवाह: कृषि मंत्री
​कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई; किसान भाई खरीद की रसीद जरूर लें

​बीपी डेस्क। ​राज्य के कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि बिहार में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है और सरकार किसानों को निर्धारित मूल्य पर समय से खाद उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। श्री सिन्हा ने कहा कि हाल के दिनों में फार्मर आईडी (Farmer ID) के आधार पर उर्वरक की आपूर्ति में कटौती किए जाने की बातें सामने आ रही हैं, जो पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।

किसानों के उर्वरकों में कटौती की कोई व्यवस्था लागू नहीं है और सरकार किसानों के हित में हमेशा पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है। राज्य में कहीं भी उर्वरक की कोई कमी नहीं है तथा सभी किसान भाइयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार हर हाल में खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी और शिकायत तंत्र कृषि मंत्री ने बताया कि उर्वरक की बिक्री और आपूर्ति पर जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के कृषि अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। वितरण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर (FCO) के तहत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
​किसान भाइयों के लिए मुख्य निर्देश एवं अपील:

  • ​रसीद अवश्य लें: उर्वरक खरीदते समय सभी किसान भाई बिक्रेता से आधिकारिक रसीद (POS Receipt) जरूर प्राप्त करें।
  • ​अधिक मूल्य मांगने पर करें शिकायत: यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगता है या कालाबाजारी में लिप्त पाया जाता है, तो इसकी शिकायत तुरंत संबंधित जिला कृषि पदाधिकारी, जिला प्रशासन या राज्य मुख्यालय स्तर पर करें।
  • ​शिकायत के माध्यम: किसान अपनी समस्या या शिकायत किसान हेल्पलाइन सेंटर के माध्यम से तथा विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर एवं WhatsApp नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।
    ​मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि दुकानों पर उर्वरक की उपलब्धता और दरों की निरंतर जांच की जाए ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।