नालंदा : ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के निर्देश पर जिलेभर में साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कतरीसराय थाना पुलिस को सूचना मिली कि गोवर्धन बिगहा गांव में कुछ लोग संगठित रूप से साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने का काम करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाली कई महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपितों में शिवम कुमार (22 वर्ष), पिता रामेश्वर कुमार, निवासी बांसगढ़, थाना मरांची, जिला पटना, वर्तमान पता गोवर्धन बिगहा, थाना कतरीसराय, जिला नालंदा तथा भोला कुमार (27 वर्ष), पिता महेश राम, निवासी गोवर्धन बिगहा, थाना कतरीसराय, जिला नालंदा शामिल हैं।

इसके अलावा कतरीसराय थाना क्षेत्र के एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। बरामदगी में पांच स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन की-पैड मोबाइल, 13 एटीएम कार्ड, पांच पासबुक, चेकबुक, डोंगल एवं अन्य साइबर ठगी से संबंधित सामग्री शामिल है।

छापेमारी अभियान में गिरियक अंचल के पुलिस निरीक्षक सुमंत कुमार, गिरियक थानाध्यक्ष श्रीकांत कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक गुरुदेव खड़िया, सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मनीष कुमार सहित कतरीसराय थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों एवं नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के विरुद्ध जिले में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।