नालंदा: एसपी ने सोहसराय, भागनबिगहा व हिलसा थाना का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

Uncategorized

— प्रशासनिक फेरबदल की संभावना से इनकार नहीं: एसपी

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा के पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बुधवार को जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रात्रि में सोहसराय थाना एवं भागनबिगहा थाना का निरीक्षण किया तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही रात्रि गश्ती दल की गतिविधियों का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र में प्रभावी एवं सतर्क गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने हिलसा थाना का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना सिरिस्ता की कार्यप्रणाली, बैरक एवं हाजत की व्यवस्था तथा थाने में उपलब्ध गश्ती वाहनों की स्थिति का जायजा लिया। थाना परिसर एवं अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने जिले में योगदान देने के बाद से लगातार विभिन्न थानों का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। उन्होंने थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने, अभिलेखों के बेहतर संधारण, साफ-सफाई तथा आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही थाना की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया।

कहते हैं एसपी
पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि अभी उनकी पहली प्राथमिकता नालंदा पुलिस के बेहतर परफॉर्मेंस के तरफ है अपराध नियंत्रण के प्रति सजग रहने वाले पुलिस पदाधिकारी अपनी कुर्सी पर बने रहेंगे वहीं बेहतर प्रदर्शन नहीं करने वाले थानाध्यक्ष हटाए भी जा सकते हैं।