नालंदा : करायपरसुराय में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, हथियार बनाने के सामान के साथ एक गिरफ्तार

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना पुलिस ने आग्नेयास्त्रों के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अगारपर गांव में कथित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में सामान और औजार बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध हथियार निर्माण से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील पासवान को गुप्त सूचना मिली थी कि अगारपर गांव निवासी रंजीत बिन्द, पिता सरयुग बिन्द, अपने घर से अवैध आग्नेयास्त्रों के निर्माण एवं कारोबार का काम कर रहा है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए पुलिस टीम के साथ अगारपर गांव स्थित उसके घर की विधिवत घेराबंदी की और छापेमारी शुरू की।

तलाशी के दौरान पुलिस को मिट्टी और बालू में छिपाकर रखा गया हथियार निर्माण का सामान मिला। पुलिस ने मौके से कुल 24 प्रकार के सामान और औजार बरामद किए। बरामद सामान में छह पीस मैगजीन स्प्रिंग, दो लोहे के मैगजीन, एक कॉकिंग हैंडल, ए से जेड एवं ‘&’ मार्क वाले कुल 27 लोहे के पंच, छह लोहे के बेरल तथा एक अर्धनिर्मित राइफल शामिल है। अर्धनिर्मित राइफल में मैगजीन भी लगा हुआ था।

इसके अलावा पुलिस ने राइफल के लिए बनाए गए लकड़ी के तीन बट, एक लकड़ी की राइफल बॉडी, मैगजीन लॉक, रबर का बट बेस, लोहे की भट्ठी, BOSCH कंपनी की कटर मशीन, हथौड़ी, लोहे एवं लकड़ी के दो रुखानी, लोहे का कैप, रेती, छोटे लोहे के प्लेट, मास्टर रिंच, छेनी, धार करने वाला पत्थर, लोहे का पतला शुंभा, कॉकिंग हैंडल के नट, मैगजीन शेप में बना लोहे का प्लेट और एलन समेत अन्य सामान बरामद किया।

पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए रंजीत बिन्द को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में करायपरसुराय थाना कांड दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अर्धनिर्मित हथियारों और अन्य सामान का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जाना था तथा इस अवैध हथियार निर्माण के कारोबार में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। छापेमारी टीम में करायपरसुराय थानाध्यक्ष पुअनि सुशील पासवान, पुअनि राजेश कुमार यादव, सअनि संतन कुमार, सिपाही नीरज सहनी, सिपाही राजा कुमार सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियार निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।