एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस प्रोवाइडरों की समीक्षा बैठक संपन्न, 31 मार्च तक पूरा करें डीटी मीटरिंग व कंज्यूमर टैगिंग कार्य- ऊर्जा सचिव

पटना

सभी विद्युत अधीक्षण अभियंता करेंगे रैंडम वेरिफिकेशन : ऊर्जा सचिव

एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस प्रोवाइडरों की समीक्षा बैठक संपन्न

बीपी डेस्क। ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह (भा.प्र.से.) ने 31 मार्च तक स्मार्ट मीटरिंग, डीटी मीटरिंग व कंज्यूमर टैगिंग कार्य पूर्ण करने को कहा है। श्री सिंह ने वृहस्पतिवार को विद्युत् भवन में सभी एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस प्रोवाइडर (AMISP) के साथ स्मार्ट मीटरिंग कार्य की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिया।

इस बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री महेंद्र कुमार (भा.प्र.से.) सहित दोनों डिस्कॉम के वरीय अधिकारी एवं विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में स्मार्ट मीटरिंग की वर्तमान स्थिति, सिस्टम मीटरिंग, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (DT) मीटरिंग और कंज्यूमर टैगिंग की प्रगति की समीक्षा की गई।

ऊर्जा सचिव ने टैगिंग कार्य में शत-प्रतिशत एक्यूरेसी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए सभी विद्युत अधीक्षण अभियंताओं को डीटी मीटरिंग एवं कंज्यूमर टैगिंग कार्यों का 10 प्रतिशत रैंडम वेरिफिकेशन करने का भी आदेश दिया।

बैठक में गुणवत्ता नियंत्रण, नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। यह पहल स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली की पारदर्शिता और विद्युत वितरण में दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।