– मौके से चार हथियार जप्त घटनास्थल को पुलिस ने पूरी तरह घेरा
बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय: नालंदा जिले के नगर थाना क्षेत्र के नकटपुरा (उपरौरा) में जी मीडिया संवाददाता ऋषिकेश कुमार को असामाजिक तत्वों ने पिटाई कर घायल कर दिया । उक्त स्थान पर होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। जिसमें भोजपुरी कलाकार अपनी प्रस्तुति पेश कर रहे थे। बताया जाता है कि असामाजिक तत्वों द्वारा कार्यक्रम के दौरान गोलियां भी चलाई गई।
घटना की जानकारी के बाद संबंधित थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। गंभीर रूप से घायल पत्रकार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद अपर पुलिस अधीक्षक नूरुल हक सदर अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। यह घटना भोजपुरी गायक के कार्यक्रम में हुआ।
असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट के दौरान पत्रकार का एंड्राइड मोबाइल फोन भी छीन लिया गया है। इस घटना के बाद पत्रकारों में जबरदस्त रोष है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है बताया जाता है कि बदमाशों द्वारा पत्रकार को टारगेट कर हमला किया गया। नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहां है कि वारदात में शामिल सबों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नालंदा पुलिस करने जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने इसके लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिए हैं। होली मिलन समारोह का यह कार्यक्रम पूर्व से प्रायोजित था। ऑर्गेनाइजर द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर पूर्व से ही प्रचार प्रसार किया जा रहा था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए टिकट बेची जा रही थी। हालांकि इस कार्यक्रम की सूचना नालंदा पुलिस को थी या नहीं यह जांच का विषय है।
वारदात के बाद नालंदा पुलिस ने कर दिया बड़ा एक्शन कर हथियार किए गए जप्त
इस घटना के बाद नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन चार हथियारों को जप्त करने का दावा किया है, जिससे फायरिंग की गई थी। यह जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने दी। उन्होंने बताया कि यह पूरा कार्यक्रम इन्लीगल तरीके से संचालित किया जा रहा था। इस मारपीट की घटना में तीन लोग जख्मी हुए हैं। जिसमें एक पत्रकार भी शामिल है।
घटनास्थल को पुलिस के द्वारा पूरी तरह घेर लिया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों की पहचान की जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आया है कि कार्यक्रम में शामिल होने आए एक विशेष व्यक्ति के सुरक्षाकर्मियों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
