सासाराम /अरविंद कुमार सिंह। मंडल कारा सासाराम में मंगलवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बंदी दरबार, सुरक्षा ऑडिट तथा कारा निरीक्षण का आयोजन किया गया।
बंदी दरबार के दौरान बंदियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भवन निर्माण विभाग एवं जेल उपाधीक्षक सीतेश कुमार सिंह को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बंदियों से समाज की मुख्यधारा में लौटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कारा में बिताए जा रहे समय का सदुपयोग करते हुए तकनीकी कौशल (Technical Skills) एवं सॉफ्ट स्किल (Soft Skills) का प्रशिक्षण प्राप्त करें, ताकि रिहाई के बाद सम्मानजनक जीवन जी सकें।
जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि मंडल कारा सासाराम को एक कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग देगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंदियों के पुनर्वास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करें।
डीएम ने बंदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “जीवन में धैर्य रखना चाहिए। हर रात के बाद सुबह जरूर होती है। आप सभी भी जल्द ही कारा से मुक्त होकर सामान्य जीवन में लौटेंगे। बस हिम्मत मत हारिए और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़िए।”
