नालंदा: चेन स्नेचिंग कांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; छीनी गई सोने की चेन के साथ देसी पिस्टल और बाइक बरामद

नालंदा बिहारशरीफ

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : बिहार थाना क्षेत्र में महिला से हुई चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से छीनी गई सोने की चेन, देसी पिस्टल और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे नई सराय और बरादरी के बीच मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली थी। घटना के संबंध में बिहार थाना कांड संख्या 379/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त अमन कुमार (19 वर्ष), पिता कुश कुमार, निवासी नारायण मार्केट, बिहार थाना; शुभम कुमार (19 वर्ष), पिता विवेक कुमार, निवासी नचवार, थाना हरनौत तथा विजय प्रसाद (63 वर्ष), पिता विशेश्वर साव, निवासी रामचंद्रपुर शिवाजी कॉलोनी, थाना लहेरी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में छीनी गई एक सोने की चेन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा अमन कुमार के घर से एक देसी पिस्टल भी बरामद किया गया।

छापेमारी दल में थानाध्यक्ष सम्राट दीपक, पुअनि खुर्शीद अंसारी, नीतीश रंजन, परन्तु कुमार एवं सिपाही दिलीप कुमार शामिल रहे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।