Biharsharif/ avinash pandey। बिहारशरीफ शहर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार, आम जनता की समस्याओं के समाधान और बेहतर नागरिक व्यवस्था की मांग को लेकर कांग्रेस के युवा नेता इंजीनियर टीपू ने नौ प्रमुख मुद्दों को सामने रखा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल निकासी, अतिक्रमण, यातायात और बाजार व्यवस्था में सुधार को शहर के विकास के लिए आवश्यक बताया है।
इंजीनियर टीपू ने कहा कि इन मुद्दों को अपनी जिम्मेदारी और लक्ष्य मानते हुए इनके समाधान के लिए लगातार आवाज उठाई जाएगी और संबंधित समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार पर जोर
कांग्रेस के युवा नेता इंजीनियर टीपू ने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। वहीं, गरीब, जरूरतमंद और मजबूर लोगों को बेहतर एवं सुलभ इलाज उपलब्ध होना चाहिए, ताकि आर्थिक तंगी किसी की पढ़ाई या उपचार में बाधा न बने।
खुले नालों पर ढक्कन और सड़कों की मरम्मत की मांग
शहर के सभी खुले नालों पर मजबूत ढक्कन लगाने की मांग की गई, ताकि बच्चे, बुजुर्ग और आम नागरिक सुरक्षित रह सकें। इसके साथ ही जर्जर सड़कों की मरम्मत और जरूरत के अनुसार नई सड़कों के निर्माण पर जोर दिया गया।
फुटपाथी दुकानदारों और अतिक्रमण की समस्या का समाधान
इंजीनियर टीपू ने कहा कि फुटपाथी दुकानदारों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाया जाना चाहिए, जिससे उनका रोजगार भी सुरक्षित रहे और यातायात भी बाधित न हो। अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए सड़कों और फुटपाथों को व्यवस्थित करने के साथ छोटे दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई।
स्मार्ट सिटी की सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग
उन्होंने कहा कि बिहारशरीफ में स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए सफाई, रोशनी, सड़क, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार जरूरी है। बाजार समिति क्षेत्र में भी सड़कों एवं रास्तों की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।
टोटो संचालन और जाम से निजात के लिए प्रभावी व्यवस्था आवश्यकता बताई गई।
साथ ही, प्रभावी यातायात प्रबंधन और सड़कों पर अनावश्यक रुकावटों को दूर कर जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम लोगों को राहत मिले और टोटो चालकों का रोजगार भी सुरक्षित रहे। रोजगार सुरक्षित रखते हुए जनहित में समाधान का संकल्प
इंजीनियर टीपू ने स्पष्ट किया कि इन मांगों का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना, किसी को परेशान करना या किसी वर्ग के खिलाफ आवाज उठाना नहीं है।
उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं का समाधान न्यायपूर्ण, व्यावहारिक और जनहित को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
उन्होंने बिहारशरीफ के नागरिकों से शहर की बेहतरी के लिए एकजुट होकर इन मुद्दों को अपनी आवाज और जिम्मेदारी बनाने की अपील की। उनका कहना है कि सामूहिक प्रयासों से शहर की व्यवस्था में सुधार लाया जा सकता है।
