Bihar News : डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने लापरवाह अफसरों की लगा दी क्लास, क्या बोले पढ़िए…

पटना बिहार

संतोष कुमार। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व और भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा का भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम जारी है। सोमवार को वे भागलपुर के टाउन हॉल में संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए और ‘ऑनस्पॉट’ लोगों की समस्याओं का निपटारा किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कोताही बरतने वाले अधिकारियों की क्लास भी लगाई।

उन्होंने एक अधिकारी पर भड़कते हुए कहा कि इस तरह का रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को समय पर अपने दायित्व निभाने होंगे और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना होगा। पुराने मामलों को देखना भी अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ कहा कि जब जनता अपनी समस्या लेकर आती है, तो हमें उसे प्राथमिकता देनी होगी।

अधिकारियों का काम केवल रिपोर्ट बनाना या फाइलें चलाना नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना भी है। पुराने मामलों के पेंडिंग रहने से सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं। अक्सर पुराने मामलों की अनदेखी की शिकायतें सामने आती हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘भूमि जनसंवाद का मकसद गरीब, वंचित और पीड़ित लोगों को त्वरित न्याय मिल सके।

यदि अधिकारी सिर्फ फाइलें घुमाते रहेंगे और कोर्ट का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से बचेंगे, तो यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ उल्लेखनीय है कि विजय सिन्हा जहां प्रमंडलवार भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं, वहीं बिहार राजस्व सेवा संघ उनके विरोध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

इधर, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा इस संवाद कार्यक्रम से पहले बाबा बूढ़ानाथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, ‘आज भागलपुर की पावन धरती पर स्थित बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। देवाधिदेव महादेव की अनुकंपा से समस्त बिहारवासियों एवं भागलपुरवासियों के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति, सद्भाव और समृद्धि बनी रहे, यही मेरी हार्दिक कामना और प्रार्थना है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *