नालंदा : पिकअप और स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे लोग

नालंदा बिहारशरीफ

बख्तियारपुर-रजौली मुख्य मार्ग पर हादसे के बाद लगा जाम, सर्विस लेन की बदहाली पर ग्रामीणों में आक्रोश

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : भागन बिगहा थाना क्षेत्र के पतासंग गांव के पास बख्तियारपुर-रजौली मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को पिकअप और स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।

सूचना मिलते ही भागन बिगहा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया।स्कॉर्पियो चालक ने बताया कि वह राजगीर से बख्तियारपुर जा रहा था। पतासंग के पास सामने से आ रही पिकअप से टक्कर हो गई, जिसके बाद वाहन डिवाइडर से जा भिड़ा।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भागन बिगहा बाजार के पास खराब सर्विस लेन को हादसों की प्रमुख वजह बताया। उनका कहना है कि पैठना टोल प्लाजा पर टोल बचाने के लिए कई वाहन सर्विस रोड का इस्तेमाल करते हैं और गलत दिशा से निकलते हैं। सर्विस लेन का निर्माण करीब छह महीने से धीमी गति से चल रहा है। ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की है और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन व सड़क जाम की चेतावनी दी है।