नालंदा : उथरथू और ओंदा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे डीएम-एसपी

नालंदा बिहारशरीफ

जलस्तर, जलनिकासी और राहत कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी के निर्देश

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने शुक्रवार को उथरथू एवं ओंदा पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में जलस्तर की वर्तमान स्थिति, जलनिकासी व्यवस्था तथा बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश

डीएम ने प्रखंड एवं अंचल प्रशासन को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक सूखा राशन, सुरक्षित पेयजल, आवश्यक दवाइयां और अन्य राहत सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई जाए। जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

तटबंधों और जलनिकासी पर रहेगी नजर

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय कर्मियों को जलस्तर और तटबंधों की 24 घंटे निगरानी करने का निर्देश दिया गया। जलजमाव वाले क्षेत्रों में जलनिकासी के लिए त्वरित एवं प्रभावी उपाय करने को भी कहा गया।

पशु चारा और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त पशु चारा उपलब्ध कराने तथा पशुपालकों को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया गया। वहीं, जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए मेडिकल कैंप को सक्रिय रखने और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें।

डीएम एवं एसपी ने प्रभावित ग्रामीणों से सतर्क रहने, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।