बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल के चिकसौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवती को देसी कट्टा और सात जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चमड़ी गांव में एक युवती सहित दो-तीन लोग हथियार के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान महिला पुलिसकर्मी द्वारा चमड़ी गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री एमपी कुमारी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद होने पर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने चिकसौरा थाना में एमपी कुमारी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से आए तथा इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
