JDU कार्यालय में बैठक खत्म, MLC नीरज कुमार ने अनंत सिंह के विरोध की चर्चाओं को किया खारिज

पटना

प्रभात कुमार। राजधानी पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हो गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ कई विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक खत्म होने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह मीडिया के सवालों पर बिना कुछ बोले निकल गए। वहीं बैठक के बाद जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के भीतर की स्थिति और आगामी रणनीतियों पर अपनी बात रखी।

पार्टी में किसी भी तरह के असंतोष की खबरों को खारिज करते हुए जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि संगठन के भीतर आपस में समन्वय की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का नाम ही ‘जनता दल यूनाइटेड’ है, जो एकजुटता का प्रतीक है। नीरज कुमार ने बताया कि संगठनात्मक मजबूती के लिए पहले जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की गई और उसके बाद पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श हुआ।

मीडिया द्वारा विधायक अनंत सिंह के विरोध से जुड़े सवाल पर नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए पूछा कि क्या आज किसी ने उनका कोई ऐसा बयान सुना है? उन्होंने कहा कि अनंत सिंह पार्टी के विधायक हैं और पार्टी के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है और सभी नेता एकजुट होकर पार्टी हित में काम कर रहे हैं।

अनंत सिंह के समर्थन से जुड़े सवाल पर नीरज कुमार ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि वह बिल्कुल उनका समर्थन करेंगे क्योंकि वे पार्टी के विधायक हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि केवल अनंत सिंह ही नहीं, बल्कि NDA के जितने भी विधायक हैं, वे सभी उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि पालीगंज से लेकर रजौली तक के पूरे इलाके में एनडीए के सभी घटक दलों और विधायकों का पूर्ण समर्थन मिलेगा।

जदयू कार्यालय में आयोजित जिलाध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों की इस बैठक को राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में मिली दिशा-निर्देशों और शीर्ष नेतृत्व के रुख से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है। नीरज कुमार के इस बयान के बाद कि पूरे एनडीए कुनबे में पूरी तरह से एकजुटता है, कयासबाजियों पर विराम लग गया है।