विक्रांत। राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज,गया जी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा शुक्रवार को समारोह पूर्वक संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम का उदघाटन कालेज के प्राचार्य डॉ.हिरन कुमार सिंह( डा एच के सिंह) ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम प्राचार्य डॉ सिंह के नेतृत्व में सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद नफीस, कैंपस प्रभारी प्रो विनोद कुमार,प्रो सौरभ कुमार, प्रो सन्नी कुमारी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
भूकंप सुरक्षा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम जनमानस को भूकंप से संबंधित संभावित खतरों, सुरक्षा उपायों तथा आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें भूकंप जागरूकता पर आधारित अभिनय कार्यक्रम विशेष रूप से प्रमुख रहे।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए भूकंप सुरक्षा का संदेश समाज तक पहुँचाया। इसी क्रम में संस्थान परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई।
भूकंप सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत एक व्याख्यान श्रृंखला का भी आयोजन किया गया, जिसमें पीपीटी (PPT) के माध्यम से संस्थान के सभी विद्यार्थियों को भूकंप से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
इस अवसर पर संस्थान के कई प्राध्यापकों ने अपने संबोधन में भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को नाश्ता (ब्रेकफास्ट) प्रदान कर किया गया।
