विक्रांत। बिहार दिवस के अवसर पर आज दिनांक 22 मार्च 2026 को कला एवं संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु रन फॉर फिट बक्सर “बक्सर मैराथन” का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला के द्वारा 11 नंबर लख बड़ी नहर से सोंधीला पुल तक हरी झंडी दिखाकर बक्सर मैराथन को रवाना किया गया।
इस मैराथन में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना, खेलों के माध्यम से सामुदायिक एकता को बढ़ावा देना और बिहार दिवस के उत्सव को और भी जीवंत बनाना था।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि “स्वस्थ समाज ही स्वस्थ बिहार की नींव है। इस मैराथन के माध्यम से हम सभी को अपने जीवन में नियमित व्यायाम और खेलों को अपनाने की प्रेरणा देना चाहते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि भविष्य में और भी लोग इस तरह के आयोजनों में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग होंगे।”
कार्यक्रम में स्थानीय खेल संगठनों, स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों के अलावा नागरिकों की भी बड़ी संख्या ने भाग लिया। दौड़ पूरी होने के बाद विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिला प्रशासन के द्वारा बताया गया कि इस तरह के स्वास्थ्य और खेल आधारित आयोजन भविष्य में नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। ताकि बक्सर में खेल और फिटनेस के प्रति समर्पण को बढ़ावा मिले।
