नालंदा में युवक की मौत के बाद फूटा गुस्सा, शव रखकर सड़क की जाम

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : अस्थावां थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

मृतक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव निवासी महेंद्र ठाकुर के 24 वर्षीय पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार की देर शाम अस्थावां थाना क्षेत्र के अकबरपुर मुख्य सड़क के समीप एक बोलेरो और बाइक की टक्कर में राजू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मंगलवार की सुबह परिजन और ग्रामीण राजू कुमार का शव लेकर सोयवा पुल के समीप फोरलेन पर पहुंच गए और शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटना में शामिल बोलेरो चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

जाम के कारण बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री और वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही अस्थावां थानाध्यक्ष सत्यम कुमार चंद्रवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना के मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।