नालंदा: सदर अस्पताल में 5 बेड के आईसीयू और 3 बेड के एचडीयू वार्ड का शुभारंभ, गंभीर मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

नालंदा

बिहारशरीफ, अविनाश पांडेय : सदर अस्पताल में नवनिर्मित अत्याधुनिक 5 बेड के आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) एवं 3 बेड के एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) वार्ड का बुधवार को शुभारंभ किया गया। पटना से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से इसका उद्घाटन किया। इसके बाद जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सदर अस्पताल पहुंचकर दोनों वार्डों का निरीक्षण किया और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्ड में भर्ती मरीजों के उपचार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, ऑक्सीजन आपूर्ति, मॉनिटरिंग सिस्टम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाए।

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि अब तक सदर अस्पताल में आईसीयू की सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर एवं अति गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। आईसीयू और एचडीयू की शुरुआत से अब ऐसे मरीजों का इलाज जिले में ही संभव हो सकेगा। इससे इलाज में होने वाली देरी कम होगी, मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक एवं मानसिक राहत मिलेगी तथा समय पर विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार उपलब्ध होगा।

उन्होंने बताया कि एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) उन मरीजों के लिए उपयोगी होगा जिन्हें सामान्य वार्ड से अधिक निगरानी की आवश्यकता होती है, लेकिन आईसीयू में भर्ती करने की जरूरत नहीं होती। वहीं आईसीयू में जीवनरक्षक उपकरणों और प्रशिक्षित चिकित्सकीय टीम की सतत निगरानी में गंभीर मरीजों का इलाज किया जाएगा, जिससे उनकी जान बचाने की संभावना और बढ़ेगी।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्याम कुमार निर्मल, स्वास्थ्य प्रबंधक मो. इमरान आलम, लेखा प्रबंधक सुरजीत कुमार, राजेंद्र प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।