बीजेपी वर्तमान में देश के सभी राजनीतिक दलों में सबसे अमीर, विधानसभा चुनावों के लिये मिला 1,472.8 करोड़ रुपये का चंदा

दिल्ली

सेंट्रल डेस्क। बीजेपी वर्तमान में देश के सभी राजनीतिक दलों में सबसे अमीर है. इसका खुलासा खुद बीजेपी की ओर से चुनाव आयोग को दिए गए चुनावी खर्च के ब्योरे से पता चलता है. चुनावी खर्च के ब्योरे के मुताबिक, बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के दौरान बीजेपी को कुल 1,472.8 करोड़ रुपये का चंदा मिला.

बीजेपी द्वारा चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के मुताबिक 6 मई, 2026 को चुनाव खत्म होने पर पार्टी का क्लोजिंग बैलेंस बढ़कर 7,627.2 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 15 मार्च, 2026 को यह 6,722.6 करोड़ रुपये था. इसमें बीजेपी के सेंट्रल हेडक्वार्टर और संबंधित राज्य की जिला इकाइयां भी शामिल हैं, जिन्हें मिलाकर ये फंड मिला. बीजेपी ने असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों पर कुल 160 करोड़ रुपये खर्च किए.

बतातें चलें कि बीजेपी ने सबसे ज्यादा खर्च असम में किया, जो 96.3 करोड़ रुपये था. इसके बाद तमिलनाडु (51.6 करोड़ रुपये) और पुडुचेरी (11.9 करोड़ रुपये) का नंबर आता है. पार्टी के आम प्रचार पर लगभग 130.4 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि 29.6 करोड़ रुपये उम्मीदवारों के एकमुश्त भुगतान पर खर्च हुए. पश्चिम बंगाल और केरल इन दो राज्यों के चुनावी खर्च के आंकड़े चुनाव आयोग ने अभी तक सार्वजनिक नहीं किए हैं.

असम के लिए बीजेपी के चुनावी खर्च के ब्योरे के अनुसार, पार्टी ने आम प्रचार पर 76.7 करोड़ रुपये खर्च किए, जिसमें उसकी केंद्रीय इकाई द्वारा खर्च किए गए 23.1 करोड़ रुपये और उम्मीदवारों पर खर्च किए गए 19.5 करोड़ रुपये शामिल हैं. असम में स्टार प्रचारकों के यात्रा खर्च पर 27.3 करोड़ रुपये, विज्ञापनों पर 37 करोड़ रुपये, प्रचार सामग्री पर 8.9 करोड़ रुपये और राज्य इकाई द्वारा अन्य खर्चों पर 2.3 करोड़ रुपये खर्च किए गए.

उम्मीदवारों को कुल 19.4 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया और उम्मीदवारों के आपराधिक रिकॉर्ड को प्रकाशित करने पर 16.7 लाख रुपये खर्च किए गए. तमिलनाडु में बीजेपी ने पार्टी के आम प्रचार के लिए कुल 44.5 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी थी. उम्मीदवारों पर 7 करोड़ रुपये और खर्च किए गए. इन्हीं चुनावों के लिए पहले जारी किए गए अपने खर्च के ब्योरे में कांग्रेस ने कुल 248.6 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी थी.