बाढ़ प्रभावित किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है राज्य सरकार, किसानों के हित में उठाए जाएंगे सभी आवश्यक कदम

पटना

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का शीघ्र विस्तृत आकलन कर किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी- विजय कुमार सिन्हा

बीपी डेस्क। राज्य में बाढ़ की वर्तमान स्थिति को देखते हुए माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने आज कृषि विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों एवं फसलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का वास्तविक, विस्तृत एवं प्रमाणिक आकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कृषि मंत्री ने सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर फसल क्षति का आकलन करें तथा प्राप्त आंकड़ों एवं स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट विभाग को यथाशीघ्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा वास्तविक क्षति का सही आकलन कर प्रभावित किसानों तक राहत एवं सहायता समय पर पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्री सिन्हा ने कहा कि बाढ़ से हुई वास्तविक फसल क्षति के विस्तृत आकलन के आधार पर प्रभावित किसानों को फसल क्षतिपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार बाढ़ की इस कठिन परिस्थिति में अपने किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण यदि किसी क्षेत्र में फसल पूरी तरह या आंशिक रूप से प्रभावित हुई है और आगामी फसल चक्र को बनाए रखने के लिए वैकल्पिक फसल लगाने की आवश्यकता होती ह, तो कृषि विभाग द्वारा इसके लिए आवश्यक कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। किसानों की स्थानीय परिस्थितियों, मिट्टी एवं मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त वैकल्पिक फसलों के संबंध में तकनीकी

मार्गदर्शन, आवश्यक सलाह एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराने पर भी विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल तत्काल राहत प्रदान करना ही नहीं, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि बाढ़ प्रभावित किसानों की आगामी कृषि गतिविधियां एवं फसल चक्र बाधित न हों और वे जल्द से जल्द पुनः कृषि कार्यों से जुड़ सकें।

श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, ‘हम अपने अन्नदाता को इस मुश्किल की घड़ी में अकेले नहीं छोड़ेंगे। किसानों की कठिनाइयों को दूर करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। फसल क्षति का वास्तविक आकलन कर प्रभावित किसानों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा जिलों से प्राप्त अद्यतन रिपोर्ट के आधार पर बाढ़ की स्थिति एवं कृषि क्षेत्र पर इसके प्रभाव की लगातार समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है। विस्तृत एवं प्रमाणिक फसल क्षति आकलन प्राप्त होने के उपरांत प्रभावित किसानों को फसल क्षतिपूर्ति एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए राहत एवं सहायता संबंधी सभी प्रक्रियाओं को तत्परता से आगे बढ़ाया जाए, ताकि जरूरतमंद किसानों को समय पर सरकारी सहायता का लाभ मिल सके।