मुख्यमंत्री ने 216 करोड़ रुपये की लागत से 158 योजनाओं का उद्घाटन एवं 86 करोड़ रुपये की लागत से 137 योजनाओं का किया शिलान्यास।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश।
बीपी डेस्क। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में मधेपुरा जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने मधेपुरा पुलिस लाइन के प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर मधेपुरा जिले के लिए 86 करोड़ रुपये की लागत से 137 योजनाओं का शिलान्यास एवं 216 करोड़ रुपये की लागत से 158 योजनाओं का उद्घाटन किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने इसी परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा क्रियान्वित विभिन्न कार्यों एवं उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आप लोग इसी तरह से काम करते रहिए और आगे बढ़ते रहिए। जीविका दीदियों ने भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम सब आपकी बदौलत ही आगे बढ़ रहे हैं। हम सब जीविका दीदियां इसके लिए आपका आभार व्यक्त करते हैं।
मुख्यमंत्री ने जीविका द्वारा संपोषित 15 हजार 748 स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों को 176 करोड़ रुपये की राशि का सांकेतिक चेक प्रदान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभुकों को चाबी प्रदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के 60 लाभुकों को 8 लाख 70 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने जिला दिव्यांग सशक्तीकरण योजना के तहत दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल की चाबी प्रदान की। अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण नियम के तहत प्रत्येक को 4 लाख 12 हजार रुपये का अनुदान दान प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों को भी आयुष्मान कार्ड प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्पादों/कार्यों को देखा। मुख्यमंत्री ने स्टॉल निरीक्षण के दौरान जिले में कराए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, विधान पार्षद श्री ललन सर्राफ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री श्री कुमार कुमार रवि, कोसी प्रमंडल के आयुक्त श्री राजेश कुमार, कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री कुमार आशीष, मधेपुरा के जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ० संदीप सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
