राजन दत्त। बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अधिकारियों को तुरंत सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है. शनिवार को उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.
बैठक में यह तय किया गया कि विधानसभा भवन में आने वाले हर व्यक्ति की पहचान पत्र की जांच अनिवार्य होगी. बिना पहचान पत्र के किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. अगर किसी व्यक्ति के पास पहचान पत्र नहीं होगा, तो उसे अंदर जाने के लिए प्रधान मार्शल से अनुमति लेनी होगी.
अध्यक्ष ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि विधानसभा परिसर के सभी एंट्री गेट पर कड़ी निगरानी रखी जाए. वहां लगे सभी कैमरों को सही स्थिति में रखा जाए और लगातार निगरानी की जाए. इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके.
सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर अभ्यास भी कराया जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. जिला प्रशासन के अधिकारी भी समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहेंगे.
विधानसभा अध्यक्ष ने वीर चंद पटेल पथ और आर ब्लॉक स्थित विधायक आवासों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भी निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि इन इलाकों में सुरक्षा वाहन लगातार गश्त लगाएं, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. इस बैठक में अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा की प्रभारी सचिव ख्याति सिंह, जिलाधिकारी त्यागराजन और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद थे.
